झंगहा में मानवता की मिसाल: ग्राम प्रधान ने एक हजार जरूरतमंदों को बांटे कंबल व शाल
कृपा शंकर चौधरी ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर,झंगहा। कड़ाके की ठंड में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विकास खंड खोराबार की ग्राम सभा झंगहा में कंबल व शाल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान रामविलास यादव तथा पूर्व ग्राम प्रधान एवं वार्ड संख्या 62 से जिला पंचायत सदस्य पद की भावी प्रत्याशी सावित्री देवी के संयुक्त प्रयास से लगभग एक हजार कंबल एवं शाल का वितरण किया गया।
यह वितरण कार्यक्रम गरीब, असहाय, विकलांग, विधवा एवं वृद्धजनों के लिए समर्पित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव एवं समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम रहे, जिन्होंने ग्राम सभा के पुरुषों एवं महिलाओं को कंबल वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव ने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल वितरण करना एक अत्यंत पुण्य एवं मानवीय कार्य है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं। यह पहल वास्तव में सराहनीय है।
ग्राम प्रधान रामविलास यादव ने कहा कि ग्राम सभा झंगहा में गरीबों एवं जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि कंबल वितरण का यह कार्य बीते 17 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है और आगे भी यह सेवा अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। आयोजन में एडवोकेट मुन्नी लाल यादव, मारकंडेय यादव, अशोक चौहान, अवधेश यादव, सुधीर नगीना साहनी, सद्दाम हुसैन, पूर्व मंत्री एवं विधायक मोहसिन खान, प्रदीप यादव, संजय गुप्ता, रंजीत यादव, दयानंद विद्रोही, सोमनाथ, रामजी गौंड, अमरजीत यादव, अर्जुन चौधरी, रामनवल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुन्नी लाल यादव ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्रत्याशी अशोक चौहान ने की।