551 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीश्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ
विनोद कुमार सोनबरसा बाजार।
गोरखपुर। एम्स क्षेत्र के कुसम्ही बाजार स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में रविवार को ग्यारह दिवसीय श्रीश्री रुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया। यज्ञ प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 551 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया।
कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर बुढ़िया माता मंदिर पहुंची, जहां से पवित्र जल भरकर यात्रा बिजहरा, खड़राइच मोड़ होते हुए रुद्रापुर गांव के रास्ते पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ओमकार दास, कथा व्यास संजय पाठक, आचार्य संतोष चौबे, रामानुज, जगदीश वर्मा, गंगासागर, विनोद लंबू, राकेश कसौधन, दिलीप, संतोष, राणा नितेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह ग्यारह दिवसीय महायज्ञ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन पूजा, हवन और कथा का आयोजन किया जाएगा।