551 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ
रिपोर्ट: विनोद कुमार सोनबरसा बाजार / जगदीशपुर, गोरखपुर
गोरखपुर । पिपराइच ब्लॉक क्षेत्र के सिसवा उर्फ चनकापुर मलपुर टोले में शुक्रवार को हनुमान जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस कलश यात्रा में 551 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की।
कलश यात्रा गाजे-बाजे, हाथी और घोड़ों के साथ शिव मंदिर एवं काली माता मंदिर के प्रांगण से प्रारंभ हुई। यात्रा त्रिदेवा धाम मंदिर होते हुए जगदीशपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर एवं मानसरोवर पहुंची। वहां यज्ञाचार्य पंडित दिव्यम द्विवेदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरवाया गया।
इसके पश्चात कलश यात्रा हरिहर शिव मंदिर सोनबरसा बाजार से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापित किए गए। मंदिर के पुजारी रिशु ने बताया कि हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ दो दिवसीय है, जिसके अंतर्गत 8 फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य यजमान मोहन, छोटेलाल शर्मा, गिरिजेश उपाध्याय, संतलाल कश्यप एवं गिरिजा सिंह ने विधिवत पूजन किया। आयोजन में श्री श्री त्रिमूर्ति धाम मंदिर मलपुर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एम्स थाना की पुलिस फोर्स, जगदीशपुर चौकी प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह एवं सोनबरसा पुलिस चौकी प्रभारी विवेक कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे।