होली व रमजान को लेकर जगदीशपुर चौकी पर पीस कमेटी की बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
रिपोर्ट: विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार/जगदीशपुर,
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर पुलिस चौकी पर होली पर्व के मद्देनज़र पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगदीशपुर एवं सोनबरसा बाजार पुलिस चौकी क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए एम्स थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय, जगदीशपुर चौकी प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा सोनबरसा बाजार चौकी प्रभारी विवेक अवस्थी ने कहा कि आगामी होली पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने बताया कि इस समय रमजान का महीना भी चल रहा है, ऐसे में सभी समुदायों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। किसी भी प्रकार से शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक आकाश शुक्ला, राजकुमार शुक्ला सहित आरक्षी शैलेन्द्र वर्मा, सुधाकर यादव, शुभम सिंह, ऋषिमुनि गुप्ता, कयामुद्दीन अली समेत अन्य पुलिसकर्मी व क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।